loading...

Chhattisgarh को चौथी बार कृषि कर्मण पुरस्कार।

प्रधानमंत्री श्री मोदी 19 मार्च को नई दिल्ली में देंगे पुरस्कार : मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और कृषि मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने किसानों को दी बधाई

छत्तीसगढ़ के दो प्रगतिशील किसान भी होंगे सम्मानित:-
@श्री मानसिंह वर्मा ग्राम कोहड़िया, विकासखण्ड बेरला, जिला बेमेतरा तथा
@श्रीमती सुनैना पटेल ग्राम भटगांव, विकासखण्ड साजा, जिला बेमेतरा
रायपुर, 14 मार्च 2016

1.प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी शनिवार 19 मार्च को छत्तीसगढ़ को दहलन उत्पादन में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए वर्ष 2014-15 के प्रधानमंत्री कृषि कर्मण पुरस्कार से नवाजेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और प्रदेश के कृषि मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए राज्य के किसानों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

2.दलहन उत्पादन के लिए छत्तीसगढ़ को यह राष्ट्रीय पुरस्कार भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान कैम्पस नई दिल्ली में आयोजित कृषि उन्नति मेले में प्रदान किया जाएगा।  समारोह में छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के दहलनी फसलों की खेती करने वाले दो प्रगतिशील किसानों को केन्द्रीय कृषि मंत्री कृषि कर्मण पुरस्कार मिलेगा। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के कृषि, सहकारिता तथा कृषक कल्याण संभाग के संचालक द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजकर यह जानकारी दी है।

3.उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ को चावल उत्पादन में तीन बार राष्ट्रीय कृषि कर्मण पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। केन्द्र सरकार ने अब वर्ष 2014-15 में दलहन उत्पादन में शानदार प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित करने का निर्णय लिया है।

4.पुरस्कार प्रशंसा पत्र सहित दो करोड़ रूपए का होगा। राज्य में वर्ष 2014-15 में सात लाख 85 हजार हेक्टेयर रकबे में दलहनी फसलों की खेती की गई। इसमें छह लाख 55 हजार मीटरिक टन की पैदावार मिली, जो वर्ष 2013-14 में तुलना में 39 प्रतिशत अधिक है।

5.ज्ञातव्य है कि छत्तीसगढ़ को धान उत्पादन के लिए केन्द्रीय कृषि मंत्रालय से तीन बार राष्ट्रीय कृषि कर्मण पुरस्कार मिल चुका है। पिछले साल 19 फरवरी 2015 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के श्री गंगानगर में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को इस पुरस्कार से सम्मानित किया था। राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी ने 10 फरवरी 2014 को और तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने 16 जुलाई 2011 को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय कृषि कर्मण पुरस्कार प्रदान किया था।

6.आगामी 19 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित इसी समारोह में दलहन फसलों की खेती करने वाले प्रगतिशील किसान श्री मानसिंह वर्मा ग्राम कोहड़िया, विकासखण्ड बेरला, जिला बेमेतरा तथा श्रीमती सुनैना पटेल ग्राम भटगांव, विकासखण्ड साजा, जिला बेमेतरा को कृषि मंत्री कृषि कर्मण पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। केन्द्र सरकार की ओर से इन किसानों को दो-दो लाख रूपए और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

loading...